नदियों का जलस्तर बढ़ा, दिनभर बंद रहे मार्ग
भागूवाला/नजीबाबाद। पहाड़ी और मैदान क्षेत्रों में बारिश होने से शुक्रवार को क्षेत्रीय नदियों का जलस्तर बढ़ गया। आवाजाही के लिए नदी पर बने रपटों पर पानी का तेज बहाव देखते हुए प्रशासन ने वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी।
भागूवाला की कोटावाली नदी मेें शुक्रवार को करीब नौ बजे से जलस्तर बढ़ने पर मार्ग पर यातायात बाधित रहा। एसडीएम परमानंद झा ने नदी के रपटे पर पानी के तेज बहाव को देखते हुए पुलिस को बड़े वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने के निर्देश दिए। देर शाम तक नदी रपटे पर पानी का बहाव कम नहीं होने पर वाहनों ने चंदक हेड मार्ग से आवागमन किया। उधर, मंडावली क्षेत्र के मोटा महादेव-भागूवाला बाईपास मार्ग पर सूखा नदी और लकड़हान नदी का जलस्तर बढ़ने से मार्ग पर सुबह 10 बजे से यातायात प्रभावित रहा। सूचना पर पहुंची मंडावली पुलिस ने वाहनों को भागूवाला-मंडावली से डायवर्ट किया। नांगलसोती में मालन नदी का जलस्तर बढ़ने से पूंडरीकला-बरमपुर संपर्क मार्ग पर आवागमन बंद रहा। ग्रामीण सुबोध राजपूत, मगनेससिंह, सागर सिंह, अरुण कुमार का कहना है नदी में पानी आने से एक दर्जन गांवों का संपर्क टूट गया।
गांव खैरुल्लापुर में पहुंचा मालन नदी पानी
नजीबाबाद। नजीबाबाद आबादी से जुड़े आबादी क्षेत्र में मालन नदी का पानी पहुंचने से हड़कंप मच गया। ग्रामीण धर्मवीर, गोविंद, राजीव, नंद किशोर, सुभाष भगत के मकानों में पानी प्रवेश कर गया। मालन नदी के उफान से नजीबाबाद, मालन नदी रपटे और पुल के आसपास सब्जी और चारे की फसल नदी में समा गई।
भागूवाला में कोटावाली रपटे पर उफनती नदी।- फोटो : NAZIBABAD
मंडावली के मोटा महादेव बाइपास मार्ग पर लकड़हान नदी रपटे पर पानी का तेज बहाव।- फोटो : NAZIBABAD
नजीबाबाद के गांव खैरूल्लापुर में पहुंचा मालन नदी का पानी।- फोटो : NAZIBABAD