गारवपुर में ग्रामीणों से वार्ता करते अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
कोतवाली देहात में गांव गारवपुर में धर्मस्थल पर लाउडस्पीकर उतारने को लेकर दो पक्षों में विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा। एक पक्ष के लोगों ने शुक्रवार को अपने घरों पर ‘यह मकान बिकाऊ है’ लिखवाने के बाद गांव से पलायन करने की चेतावनी दी तो शनिवार को अफसरों की टीम विवाद निपटाने के लिए गांव पहुंची। दोनों पक्षों से वार्ता के बाद तीन दिन के भीतर विवाद निपटाने का आश्वासन दिया।
गांव गारवपुर में धर्मस्थल से एक सप्ताह पूर्व लाउडस्पीकर हटवा दिया गया था। तभी से गांव में तनाव बरकरार है। प्रशासन से विवाद निपटाने के लिए दोनों पक्षों के लोगों की कमेटी गठित की थी। शुक्रवार को 35 परिवारों ने इंसाफ नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए नाराज होकर अपने घरों पर ‘यह मकान बिकाऊ है’ लिखवाकर गांव से पलायन करने की चेतावनी दी थी। शनिवार को एडीएम प्रशासन विनोद कुमार गौड़ ,एसपी देहात विश्वजीत श्रीवास्तव, एसडीएम गजेंद्र सिंह, पुलिस के साथ गांव के प्राथमिक विद्यालय पहुंचे।
अफसरों ने दोनों पक्षों की गठित कमेटी के सदस्य प्रीतम सिंह, गौरव, राजपाल सिंह, पूरन सिंह, राजेंद्र सिंह व दूसरे पक्ष के प्रधान शकील अहमद, यूनुस, मेहराज, शौकत, नसीमुद्दीन आदि को बुलाकर विवाद को निपटाने के लिए उनसे अलग-अलग वार्ता की। अफसरों ने तीन दिन के भीतर लाउडस्पीकर विवाद का निस्तारण करने का आश्वासन दिया।