बिजनौर में परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों के सहायक अध्यापकों को अब जल्द ही प्रमोशन का लाभ मिल सकेगा। बीएसए कार्यालय ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है।
पिछले करीब छह महीनों से प्राथमिक विद्यालयों के सहायक अध्यापक बीएसए से पदोन्नति करने की मांग कर रहे हैं। इसके लिए कई बार बीएसए ने शिक्षकों की वरिष्ठता की अनंतिम सूची भी प्रकाशित की है। वहीं शासन ने सहायक अध्यापक के पद पर तीन साल की सेवा पूरी करने वाले शिक्षकों को प्रमोशन का लाभ देने के आदेश बीएसए को दिए हैं। सचिव बेसिक शिक्षा परिषद के आदेश आने के बाद बीएसए कार्यालय ने प्रमोशन करने की तैयारी शुरू कर दी है। बीएसए महेश चंद्र के मुताबिक परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों के 114 शिक्षकों को प्राथमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापक बनाया जाएगा।
इसके लिए वरिष्ठता सूची को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वरिष्ठता सूची में आने वाले शिक्षकों की काउंसलिंग की जाएगी। बीएसए ने बताया कि वरिष्ठता सूची में आने वाली अध्यापिकाओं एवं विकलांग शिक्षकों की काउंसलिंग कर विकल्प पत्र भरवाए जाएंगे। पिछले कई महीनों से शिक्षकों का प्रमोशन करने की मांग उठ रही थी। अब जल्द ही शिक्षकों को प्रमोशन का लाभ मिल सकेगा।