एसडीएम ने गंगा स्नान मेले की तैयारियों का लिया जायजा
नांगलसोती/नजीबाबाद। कार्तिक गंगा स्नान मेले के लिए नांगलसोती के गंगाघाट पर श्रद्धालु उमड़ने लगे हैं। श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान के लिए शिविर लगाकर डेरा डाल लिया है। एसडीएम और सीओ ने गंगाघाट पहुंचकर मेले की तैयारियों का निरीक्षण किया।
नांगलसोती के गंगाघाट पर प्राचीन ऐतिहासिक गंगा स्नान मेला लगता है। मेले में नांगलसोती, नजीबाबाद, धामपुर, नगीना, बढ़ापुर, मंडावली, भागूवाला, चंदक आदि क्षेत्रों के सैकड़ों श्रद्धालु गंगा स्नान और पिंडदान के लिए पहुंचते हैं। कोरोना संक्रमण के कारण दो वर्षों बाद नांगलसोती के गंगाघाट पर स्नान मेला लगेगा, जिसे लेकर क्षेत्रीय ग्रामीणों में काफी उत्साह दिख रहा है। एसडीएम मनोज कुमार सिंह और सीओ गजेंद्र पाल सिंह पुलिस टीम के साथ गंगाघाट पहुंचे और मेला कमेटी से श्रद्धालुओं की सुरक्षा के प्रबंधों की जानकारी ली। सीओ गजेंद्र पाल सिंह ने महिला स्नान घाट पर महिला पुलिसकर्मी की तैनाती और सुरक्षा के निर्देश नांगलसोती थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार को दिए। इस अवसर पर मेला संरक्षक मो. फरमान, मेला अध्यक्ष मुन्ने खां, इंचार्ज साधुराम, मोनू राजपूत, अर्पण कुमार आदि मौजूद रहे।
मेले में सजी दुकानें, लगे मिष्ठान के शिविर
- गंगाघाट पर मेले में खिलौने, चाट पकौड़ी, मिष्ठान की दुकानें और महिलाओं के लिए मीना बाजार भी सज गया है। इसके अलावा गंगाघाट के सबसे नजदीक गोताखोर टीम का शिविर, स्वास्थ्य विभाग और पुलिसकर्मियों का शिविर लगाया गया है। मेले के मुख्य चौराहे पर खोया पाया केंद्र बनाया गया है।
नांगलसोती के गंगा स्नान मेले की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते एसडीएम और सीओ।- फोटो : NAZIBABAD