सरकार की गाइडलाइन के अनुसार ही खुलेंगे विद्यालय: डीआईओएस
धामपुर। जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार ने कहा कि कक्षा नौ से 12 वीं कक्षा तक के स्कूल सरकार की गाइड लाइन के अनुरूप ही खुलेंगे। आदेशों का उल्लंघन होने पर कार्रवाई होगी।
उन्होंने कहा कि सरकार ने कोरोना महामारी को देखते हुए कालेजों को दो पालियों में संचालित करने के आदेश दे रखे है। पर संज्ञान में लाया गया है कि अधिकांश स्कूलों के शिक्षक सरकार की गाइड लाइन का उल्लंघन कर कक्षा नौ से 12वीं कक्षा तक के छात्र छात्राओं को सुबह आठ बजे से 12.30 बजे तक की एक पाली में पढ़ाने के बाद पहले की तरह से अवकाश कर रहे हैं। शाम को 12.30 बजे से शाम के चार बजे तक की दूसरी पारी में स्कूल बंद रहता है। डीआईओएस ने कहा कि सरकारी उल्लंघन बर्दाश्त नहीं होगा। विभाग की ओर से स्कूलों की औचक चेकिंग होगी। जो भी कालेज उल्लंघन करता पकड़ा जाएगा। कार्रवाई होगी। उनका वेतन रोका जाएगा।
गौरतलब है कि धामपुर क्षेत्र में अधिकांश माध्यमिक इंटर कालेज और विद्या मंदिर इंटर कालेजों में शिक्षकों द्वारा सरकार की गाइड लाइन का पालन नहीं हो रहा है। कालेजों को एक ही पाली में पहले की तरह से बच्चों को बैठाकर पढ़ाया जा रहा है। माध्यमिक स्कूलों के शिक्षक तो सरकार द्वारा निर्धारित किए समय का विरोध कर रहे हैं। पर विद्या मंदिरों में सरकार के आदेशों का उल्लंघन होने के बाद यहां के शिक्षक विरोध करने की स्थिति में नहीं है।