रामगंगा बांध कर्मचारियों को हाथियों से खतरा
कालागढ़। रामगंगा बांध परियोजना प्रशासन ने बांध क्षेत्रों में वन्यजीवों के विचरण पर रोक लगाने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने कार्बेट नेशनल पार्क के अधिकारियों को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने वन्यजीवों से अपनी जान को खतरा बताया है।
कालागढ़ स्थित रामगंगा बांध परियोजना क्षेत्र में वन्यजीवों का विचरण लगातार बढ़ता जा रहा है। जिसकी वजह से बांध क्षेत्र में कार्य करने वाले कर्मचारियों और उनको लाने ले जाने के लिए चलने वाले वाहनों के सामने समस्या आ रही है। सैंडल बांध क्षेत्र एवं रामगंगा बांध क्षेत्र के मार्गों पर हाथियों के झुंड बढ़ते जा रहे हैं। जिसकी वजह से इन मार्गों पर वाहनों एवं कर्मचारियों का आवागमन खतरे से खाली नहीं है। सैंडल बांध मीरा शोध क्षेत्र में व रामगंगा बांध पर शहीद स्मारक के निकट एवं रामगंगा उद्यान क्षेत्र में हाथी सरकारी वाहनों पर हमलावर हो चुके हैं। जिसकी वजह से बांध प्रशासन ने वन विभाग को वन्यजीवों को वनों में ही नियंत्रित करने के लिए लिखा है।
सुरक्षा व्यवस्था देख रहे शिविर प्रबंधन के अधिशासी अभियंता शेर सिंह ने बताया बांध क्षेत्र में वन्यजीवों का विचरण लगातार बढ़ता जा रहा है। जिसकी वजह से बांध परियोजना के कार्यों के संचालन में समस्या पैदा हो सकती है। जलाशय नियंत्रण एवं विद्युत उत्पादन में कोई समस्या न आए, इसके लिए वन विभाग को पत्र लिखकर समस्या का समाधान करने को कहा जा रहा है। मीरा सोत क्षेत्र में स्वयं रेंज अधिकारी के वाहन पर हाथी हमलावर हो चुके हैं। इसके अलावा रामगंगा उद्यान के निकट विद्युत विभाग के शिफ्ट वाहन को भी हाथी दौड़ा चुके हैं। हाल ही में शहीद स्मारक के निकट हाथियों के झुंड ने विद्युत विभाग के आपातकालीन वाहन को निशाना बनाने की कोशिश की। वाहन को कई स्थानों से क्षतिग्रस्त कर दिया। जिस पर यह कदम उठाना जरूरी हो गया है।