डीसीएम से टकराई पिकअप, आठ लोग घायल
धामपुर(बिजनौर)। मुरादाबाद रोड पर ब्लॉक कार्यालय के सामने बृहस्पतिवार देर रात पिकअप गाड़ी, सड़क किनारे खड़ी डीसीएम से टकरा गई। हादसे में पिकअप में सवार चालक सहित आठ लोग घायल हो गए। ये सभी हरिद्वार से अपनी दो बच्चियों का मुंडन संस्कार कराने के बाद मुरादाबाद घर लौट रहे थे।
मुरादाबाद जिले के भोजपुर के इस्लामपुर निवासी मुकेेश ने बताया कि वह गांव मघपुरी निवासी अपने रिश्तेदार की दो बच्चियां अंजलि व विधि का मुंडन संस्कार कराने को हरिद्वार गए थे। वह वहां से घर लौट रहे थे। रास्ते में धामपुर में ब्लाक के पास हाईवे किनारे खड़ी डीसीएम से उनकी पिकअप टकरा गई। हादसे में वह, अशोक, मोनू, गायत्री, श्यामा देवी, पांच साल की दो बच्चियां अंजलि और विधि चोटिल हो र्गइं। पिकअप का चालक भी घायल हो गया। पिकअप को वह किराए पर लेकर गए थे। लोगों ने सभी को अस्पताल में भर्ती कराया। डाक्टरों ने उनकी हालत को खतरे से बाहर बताया है।