एसडीएम के हाथ रहेगी पीजीटी परीक्षा की कमान
बिजनौर। पीजीटी परीक्षा केंद्रों की कमान तहसीलों के एसडीएम के हाथों में रहेगी। ड्यूटी पर तैनात किसी भी अधिकारी के पास मोबाइल फोन नहीं रहेगा। परीक्षा में ढील सामने पर कार्रवाई होगी।
डीएम उमेश मिश्र ने पोस्ट ग्रेजुएट टीचर अर्थात पीजीटी परीक्षा को लेकर बृहस्पतिवार रात परीक्षा से जुड़े अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि डरने की जरूरत नहीं है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे। अपनी जिम्मेदारी समर्पण भाव से निभाएं। कहीं किसी तरह की ढील नहीं रहनी चाहिए। बताया गया कि परीक्षा 17 अगस्त व 18 अगस्त दो दिन है। परीक्षा के लिए पांच केंद्र जिला मुख्यालय पर हैं। करीब नौ हजार अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। हर केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट मौजूद रहेंगे। केंद्र पर पर्यवेक्षक भी तैनात होंगे।
कहा गया कि हर परीक्षा केंद्र पर निगरानी की जिम्मेदारी एसडीएम की होगी। बैठक में परीक्षा के संबंध में शासन से जारी निर्देशों की जानकारी दी गई। कहा गया कि केवल स्टेटिक मजिस्ट्रेट के पास स्मार्ट मोबाइल फोन रहेगा। अन्य किसी अधिकारी के पास कोई फोन नहीं रहेगा। कक्ष निरीक्षक ड्यूटी में मोबाइल फोन नहीं ला सकेंगे। बैठक में पांचों तहसील के एसडीएम, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, पर्यवेक्षक तथा केंद्र व्यवस्थापक, डीआईओएस मौजूद रहे।