पंचायतों को बनाया जाएगा बाल श्रम मुक्त
बिजनौर। जिले की ग्राम पंचायतों को बाल श्रम मुक्त बनाया जाएगा। ग्रामीणों को भिक्षावृत्ति के खिलाफ जागरूक किया जाएगा। बाल कल्याण विभाग ने बाल श्रम रोकने के लिए कई शहर व कस्बों में होटल, कारखानों आदि जगह छापे मारे। जिसमें करीब एक दर्जन बाल श्रमिक को पकड़कर पुनर्वास किया गया है। नूरपुर में मानव तस्करी रोकने के लिए टीम बनी।
बाल संरक्षण अधिकारी रूबी गुप्ता ने बताया कि शासन बाल संरक्षण समिति की बैठक नूरपुर ब्लॉक में हुई, जिसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने प्रतिभाग किया। बैठक में पंचायतों में बाल श्रम रोकने के लिए अभियान चलाने का फैसला हुआ। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से गांवों में बाल श्रम रोकने तथा बच्चों को शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ने पर जोर दिया गया। बताया कि बाल कल्याण विभाग ने पुलिस के सहयोग से नहटौर, धामपुर, अफजलगढ़ क्षेत्र के होटल, ढाबों, फर्नीचर कारखानों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, बिजनौर बैराज पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान 10 बच्चे बाल श्रम करते मिले, इनका पुनर्वास करा दिया गया है। टीम में पुलिस उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह तथा रूबी गुप्ता आदि शामिल रहे।