ओवरब्रिज बनने से हो जाएंगे बर्बाद
कोतवाली देहात। पानीपत-खटीमा मार्ग पर कस्बा कोतवाली देहात में प्रस्तावित ओवरब्रिज को रोकने के लिए व्यापारियों ने कमर कस ली है। कोतवाली देहात के व्यापारियों ने 15 दिसंबर को दुकान बंद कर आंदोलन की चेतावनी दी है। व्यापारी कस्बे के बाहर से बाईपास निकालने की मांग कर रहे हैं।
उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल और पश्चिमी उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल कोतवाली देहात के संयुक्त तत्वावधान में चौधरी वीरपाल सिंह और अरविंद विश्नोई के नेतृत्व में व्यापारियों का एक प्रतिनिधिमंडल जिला पंचायत अध्यक्ष साकेंद्र प्रताप सिंह से मिला तथा ज्ञापन सौंपकर बड़े शहरों की तर्ज पर बाईपास निकलवाने की मांग की। ज्ञापन में व्यापारियों ने बताया कि ओवरब्रिज बनने से कस्बे का बाजार बिल्कुल खत्म हो जाएगा जिससे दुकानदारों के समक्ष रोजी-रोटी का संकट पैदा हो जाएगा। उन्होंने सुझाव दिया कि कोतवाली देहात में ओवरब्रिज न बनाकर बाईपास निकाला जाए। इससे सैकड़ों व्यापारी बर्बाद होने से बच जाएंगे। व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि हाईवे से बाईपास नहीं निकाला गया तो 15 दिसंबर को व्यापारी अपने प्रतिष्ठान बंद कर आंदोलन शुरू कर देंगे। व्यापार मंडल की ओर से सोमवार को कस्बे में अपनी दुकानें बंद रखने के लिए रिक्शा घुमा कर अनाउंसमेंट भी कराया गया। ज्ञापन देने वालों में चौधरी वीरपाल सिंह, अरविंद विश्नोई, बाबू कुरैशी, सत्यपाल राठी, भूरे ठेकेदार, सरल जैन, शुभम जैन, अनवर उर्फ अन्नू, सत्यकाम विश्नोई आदि शामिल रहे।