निरीक्षण में ऑपरेशन कायाकल्प के काम मिले अधूरे
बिजनौर। निरीक्षण में प्राथमिक विद्यालयों के आपरेशन कायाकल्प के काम अधूरे मिले हैं। मल्टीपल हैंडवाश की पायल उखड़ी पाई गईं। प्रधानमंत्री आवास योजना के आवास अपूर्ण थे। ग्रामीणों ने कोटेदार द्वारा राशन नहीं बांटने की शिकायत की।
सीडीओ केपी सिंह ने मौहम्मदपुर देवमल ब्लॉक की ग्राम पंचायत शेखुपुरा के प्राथमिक विद्यालय में पहुंचे। निरीक्षण में पाया कि कमरों का टायल बिछाने का काम नहीं हुआ है। बच्चों के हाथ धोने के लिए बना मल्टीपल हैंडवाश की टायल गिरी थी। इस पर सीडीओ ने अधूरे काम पूरा करने के लिए कर्मचारियों को 15 दिन का समय दिया है।
सीडीओ को प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत बन रहे चार आवास अधूरे मिले हैं। लाभार्थियों ने आवास पूरा नहीं होने से बरसात में परेशानी होने की बात कही। ग्रामीण कोटेदार द्वारा राशन नहीं बांटे जाने से नाराज थे। इस पर सीडीओ ने सख्ती दिखाते हुए बीडीओ काम देख रहे डिप्टी कलेक्टर मोहित कुमार को जांच कर एक सप्ताह में रिपोर्ट देने को कहा है। सीडीओ ने शेखुपुरा में करीब पांच करोड़ की लागत से बन रहे मिनी स्टेडियम का निर्माण समय से पूरा करने के निर्देश कार्यदायी संस्था को दिए हैं। पंचायत सचिव को निर्देश दिए गए कि पंचायत की बैठक करके योजनाओं की जानकारी दें। ग्रामीणों को लेमनन ग्रास व बांस की खेती करने के लिए प्रेरित करें। सीडीओ इसके बाद पंचायत के गांव अलाउद्दीन पुर के विकास कार्यों का निरीक्षण किया। वहां भी कमोबेश इसी तरह की शिकायत मिली है।