अब घटेगी बसों में आग लगने की घटना
बिजनौर। रोडवेज बसों में लगने वाली आग की घटनाओं को रोकने के लिए विभाग की ओर से निर्देश जारी किए गए हैं, जिसके बाद बिजनौर डिपो की बसों की खामियां दूर होने लगी हैं। निर्देश के बाद डिपो की करीब 10 बसों में खामियां दूर कर दी गई हैं।
बिजनौर डिपो के अधिकारियों और कर्मचारियों को बसों में कुछ भी खामियां पाए जाने पर तुरंत ठीक कराने के लिए कहा गया है। जिसके बाद बिजनौर डिपो की 10 बसों में वॉयर खराब, डीजल टैंक लीकेज आदि दिक्कतों को ठीक किया गया है। वहीं जारी निर्देश में कहा गया है कि बैट्री टर्मिनल साफ हो, बैट्री केबिल के कनेक्शन टाइट हो। इसके साथ ही ध्यान रखा जाए कि बैट्री केबिल बस में किसी जगह छू न हो रही। इससे आग लगने का खतरा बना रहता है। इसके साथ ही बसों में अतिरिक्त म्यूजिक सिस्टम न लगाने के लिए भी कहा गया है। इसके साथ ही चालक और परिचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि बस में किसी तरह का भी प्रतिबंधित, अतिज्वलनशील पदार्थ न रखा जाए। साथ ही बसों में एक्टिव अग्निशमन यंत्र रखने के लिए भी कहा गया है।
एआरएम ललित त्रिवेदी ने बताया कि जिस बस में खराबी होती है, उसे ठीक करने के बाद ही रूट पर भेजा जा रहा है। कुछ बसों में तारों, डीजल लीकेज से संबंधित कमियों को दूर कर लिया है। विभाग की ओर से पूरी कोशिश की जा रही है कि बसों में किसी तरह की कोई कमी न हो।