धामपुर में अब हर गरीब का होगा अपना आवास
धामपुर। धामपुर में अब हर गरीब के रहने के लिए प्रधानमंत्री नगरीय आवास योजना के तहत आवासों का निर्माण कराया जाएगा। प्रधानमंत्री नगरीय विकास योजना के तहत धामपुर पालिका द्वारा 800 आवास बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इनमें से करीब तीन सौ से ज्यादा लोगों के आवास बन कर तैयार चुके है।
डूडा द्वारा नगर में बने कांशीराम आवासों का आवंटन करने के लिए लोगों से आवेदन मांगे जा रहे हैं। बताया गया कि जल्द ही कांशीराम आवास योजना के तहत बने 240 आवासों का पालिका में रहने वाले गरीब लोगों को आवंटन होगा। पालिकाध्यक्ष राजू गुप्ता ने शुक्रवार को पालिका में सभी वार्डों के सदस्यों से अपने अपने मोहल्लों के आवास विहीन लोगों को कांशीराम आवासों का आवंटन करने को आवेदन कराने का सुझाव दिया है। बताया गया है कि अक्तूबर माह के अंत आवंटन प्रक्रिया को डूडा विभाग की ओर से पूर्ण कर लिया जाएगा। किसी के पास आवास नहीं है तो वह कांशीराम योजना में बने मकानों के लिए आवेदन करें। जमीन है तो प्रधानमंत्री नगरीय आवास योजना के तहत अपना मकान बनवाएं। बताया गया कि पालिका में अब तक 800 लोगों के आवासों को बनाने का काम शुरू हो गया है। करीब तीन सौ से ज्यादा लोगों के आवास योजना के तहत बन कर तैयार हो गए हैं।