उपचार के दौरान नवजात की मौत, लापरवाही का आरोप
धामपुर। नवजात की उपचार के दौरान मौत होने पर व्यक्ति ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। पीड़ित ने चिकित्सक के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम मौजमपुर जैतरा निवासी दीपक कुमार का कहना है कि उसने अपनी पत्नी चांदनी को प्रसव पीड़ा होने पर सात मार्च को अल्हैपुर ब्लाक में संचालित उप केंद्र पर भर्ती कराया। वहां पर डाक्टर ने जांच के बाद बताया कि प्रसव सामान्य प्रकार से हो जाएगा। आरोप है कि प्रसव सामान्य प्रक्रिया से नहीं हुआ तो कहा गया कि आपरेशन की जरूरत पड़ेगी। ऐसे हालात में जच्चा को यहां से किसी प्राइवेट अस्पताल में ले जाने का डाक्टर से सुझाव दिया।
बताया गया कि डाक्टर के सुझाव पर वह मरीज को पास में स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में ले गए और भर्ती करा दिया। यहां पर भरोसा दिया कि सामान्य प्रक्रिया से ही बच्चे का जन्म होगा। आरोप है कि इस दौरान बच्चे को गर्भ से बाहर लाने के लिए सर्जिकल उपकरणों का इस्तेमाल कर बच्चे व जच्चा दोनों को गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। जिसके कारण शिशु की दस मार्च को मौत हो गई। जच्चा की स्थिति भी गंभीर बनी है। पीड़ित का कहना है कि डाक्टरों की लापरवाही से ही उनके बच्चे की मौत हुई। इस मामले में उसने चिकित्सक के खिलाफ तहरीर दी है। डाक्टरों ने आरोपों को गलत बताया। पुलिस ने मामले की जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिया है।