सड़क हादसे में मां-बेटे की मौत
हल्दौर। गांव पैजनियां में सोमवार की देर शाम एक पेट्रोल पंप के निकट दो बाइकों की रोडवेज बस से भिड़ंत में महिला सहित चार लोग घायल हो गए थे। महिला और एक युवक ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया था। सूचना पर जिला अस्पताल पहुंचे परिजनों ने शवों की शनाख्त की। महिला और युवक गांव मुस्सेपुर निवासी मां-बेटा थे। मृतकों के परिजनों की तहरीर पर फरार बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
नूरपुर थाना क्षेत्र के गांव मुस्सेपुर निवासी आकाश कुमार पुत्र संजय कुमार (30) अपनी माता गुड्डी देवी (48) के साथ बाइक से सोमवार शाम करीब आठ बजे दारानगर गंज में स्थित जाहरवीर गोगा देवता स्थल पर प्रसाद चढ़ाने जा रहे थे। गांव शरीफपुर शरीफपुर निवासी सुरेंद्र व सोनू बिजनौर-मुरादाबाद हाईवे मार्ग पर स्थित पैजनियां के निकट पेट्रोल पंप पर अपनी बाइक में तेल डलवाकर घर जाने के लिए हाईवे पर पहुंचे। इसी दौरान बिजनौर से मुरादाबाद की ओर जा रही रोडवेज बस से दोनों बाइकों की भिड़ंत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चारों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। परिजन देर रात जिला अस्पताल पहुंचे और दोनों की शनाख्त की। गुड्डी देवी के पति संजय कुमार ने फरार बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। गुड्डी सफाई कर्मचारी के पद पर तैनात थी। मां-बेटे की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।