राज्यमंत्री ने आईटीआई के छात्रों का ज्ञान परखा
बिजनौर। सूबे के राज्यमंत्री व्यवसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल ने राजकीय आईटीआई का औचक निरीक्षण किया और कार्यशाला व प्रयोगशालाओं में जाकर छात्रों का प्रयोगात्मक कार्य संबंधी ज्ञान परखा। उन्होंने छात्रों से हर विषय पर चर्चा की और सवाल-जवाब किए। राज्य मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश किया कि छात्रों को कारखानों में प्रेक्टिकल ज्ञान पर अधिक ध्यान दिया जाए।
जिले प्रभारी मंत्री कपिल देव अग्रवाल शुक्रवार को एक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। वह शहर विधायक सूची चौधरी, सीडीओ केपी सिंह और तहसीलदार सदर के साथ लेकर राजकीय आईटीआई में पहुंच गए। राज्यमंत्री आईटीआई में सीधे कार्यशाला में गए और प्रेक्टिकल कर रहे छात्रों से सवाल जवाब किए। लवकुमार राजपूत, लोकेंद्र कुमार, पंकज कुमार, अनुज कुमार व अभिषेक कुमार आदि छात्रों से प्रेक्टिकल के बारे में पूछा। छात्रों ने कहा कि कोरोना के कारण थ्योरी की ऑनलाइन पढ़ाई करके कोर्स पूरा हो गया है। प्रेक्टिकल अधूरे थे। प्रधानाचार्य मुकेश कुमार शर्मा ने बताया कि नए सेशन के दाखिले चल रहे हैं। प्रेक्टिकल को पुराने छात्र बुलाए जा रहे हैं।
राज्यमंत्री ने इंफोर्मेशन टेक्नोलॉजी लैब में जाकर छात्रों से प्रेक्टिकल संबंधी सवाल पूछे। वरिष्ठ सहायक राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि 50 प्रतिशत छात्र कारखानों में प्रेक्टिकल नॉलेज के लिए गए हैं। अनुदेशकों से हर विभाग की प्रेक्टिकल की स्थिति की जानकारी ली। सनी तोमर, अभय कुमार श्रीवास्तव, ज्योत्सना, ओंकार सिंह, कमलवीर सिंह आदि मौजूद रहे।