बिजनौर में सिविल लाइन में लॉक डाउन का उल्लखंन कर पास पास चलती महिलाएं।
- फोटो : BIJNOR
लॉकडाउन बढ़ने के कयासों पर बाजारों में उमड़ी भीड़
बिजनौर। 21 दिन का लॉकडाउन खत्म होने से एक दिन पहले बैंकों और दुकानों पर खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। लॉकडाउन बढ़ने के कयासों के बीच दुकानों पर लोग आटा आदि खरीदने के लिए आते रहे। सब्जी मंडी में रोक के बावजूद लोग सामान खरीदने के लिए आते रहे। हर जगह उपभोक्ताओं की भीड़ रही। पुलिसकर्मी जनता को समझाकर घर भेजने में लगे रहे।
मंगलवार को लॉकडाउन खत्म होने के साथ ही लॉकडाउन -2 शुरू हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार सुबह दस बजे देश को संबोधित करेंगे। लॉकडाउन बढ़ने के कयासों के बीच सोमवार को सड़कों पर भीड़ निकल पड़ी। राशन की दुकानों पर लोग लाइन लगाकर आटा, नमक आदि खरीदने में लगे रहे। सोमवार को बैंक दो दिन की छुट्टी के बाद खुले थे। इस वजह से बैंकों में पैसे निकालने वालों की भीड़ लग गई। लगभग सभी बैंकों के बाहर उपभोक्ताओं की लाइन दिखाई दी। प्रशासन ने प्रदर्शनी मैदान में लग रही सब्जी व फल मंडी से उपभोक्ताओं की खरीदारी पर रोक लगाई थी। लेकिन इसके बाद भी उपभोक्ता दुकानों पर आकर सब्जी व फल खरीदते रहे।
सिविल लाइन व मुख्य बाजार में उपभोक्ताओं की खासी चहलकदमी दिखी। पुलिस ने कुछ लोगों को समझाकर घर से बेवजह न निकलने की अपील कर उन्हें घर भेजा। बाद में पुलिस को सख्ती भी करनी पड़ी। फिर से वाहनों के चालान किए और वाहनों की हवा निकाली। शहर कोतवाल रमेशचंद्र शर्मा के अनुसार जनता को किसी तरह की परेशानी लेने की जरूरत नहीं है। उपभोक्ताओं को जरूरी सामान की डिलीवरी होती रहेगी। कहा कि जनता सब्जी या फल खरीदने के लिए प्रदर्शनी मैदान में न आए। उनके मोहल्लों में ही फल व सब्जियों के ठेले जा रहे हैं।