आधा दर्जन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर लटके ताले
नांगलसोती/नजीबाबाद। ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने के लिए नांगल सहित कई ग्रामीण क्षेत्रों में बने हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों पर एक वर्ष से ताले लटके हैं। स्वास्थ्य विभाग ने सेंटरों पर एक वर्ष पूर्व कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर की तैनाती भी कर दी, लेकिन लोगों के लिए सेंटर नहीं खोले गए। विभाग ने सेंटरों के लिए नियुक्त अधिकारियों को कोरोना टीकाकरण कार्य में लगा दिया है।
स्वास्थ्य विभाग ने दो वर्ष पूर्व नजीबाबाद तहसील के गांव नांगलसोती, भागूवाला, मंडावली, सराय आलम, शेखूपुरा में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर बनाए थे। इन केंद्रों को खोलने का स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य परीक्षणों के माध्यम से विभिन्न बीमारियों का पता लगाना और समय रहते उसका निदान करना था। भवन निर्माण कार्य पूरा होने के साथ स्वास्थ्य विभाग ने हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों पर एक वर्ष पूर्व कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (सीएचओ) की तैनाती की थी। लेकिन केंद्रों पर अब तक ताले लटके हैं। कोरोना काल के दौरान प्रभावित स्वास्थ्य सेवाएं पटरी पर आने के बावजूद हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर शुरू नहीं किए गए। क्षेत्रीय ग्रामीण राजवीर सिंह, दिनेश कुमार, इरशाद अहमद, मो. फारुख, कुलबीर सिंह, नीटू ने जल्द हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर शुरू कराने की मांग की है।
वर्जन
हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों पर सीएचओ की तैनाती की गई थी। कोराना काल में वैक्सीनेशन के लिए सीएचओ की ड्यूटी लगाई गई है, जिस कारण सेंटर पर ताला लगा है। वैक्सीनेशन के बाद सेंटर पर ओपीडी शुरू की जाएगी।
- डॉ. फैज हैदर, पीएचसी प्रभारी, नजीबाबाद।