दुकान बंद कर भागने पर लाइसेंस निलंबित
बिजनौर। डीएम के निर्देश पर जिले भर में खाद व बीज की दुकानों पर छापा मारा गया। 43 दुकानों से बीज के 109 नमूने जांच को लिए गए। कार्रवाई के समय दुकान बंद कर भागने पर लाइसेंस निलंबित किए गए।
जिला कृषि अधिकारी डॉ.अवधेश कुमार मिश्र, सहायक आयुक्त एवं निबंधक सहकारिता प्रदीप सिंह, एसडीओ मनोज रावत, जिला उद्यान अधिकारी जितेंद्र कुमार ने छापा मारा। कार्रवाई के समय दुकान बंद कर भाग जाने पर मैसर्स दयाल फर्टिलाइजर्स हल्दौर व मैसर्स संजय सीड्स स्टोर हल्दौर के बीज लाइसेंस निलंबित किए गए। उर्वरक बिक्री केंद्रों पर उर्वरक की उपलब्धता, वितरण व पॉस मशीन में उपलब्ध स्टॉक का मिलान गोदाम में रखे गए स्टॉक से किया गया। समस्त विक्रेताओं को उर्वरकों का वितरण किसानों की खेती योग्य भूमि और बोई गई फसल के सापेक्ष तत्कालीन आवश्यकता के अनुसार पॉस मशीन से ही करने और स्टॉक एवं वितरण पंजिका के साथ-साथ किसानों द्वारा क्रय किए गए उर्वरकों का विवरण एक पृथक पंजिका में रखने के निर्देश दिए। दो उर्वरक विक्रेताओं मैसर्स सुल्तान आजमपुर सहकारी समिति बानी गणेश केंद्र बुंदकी व मैसर्स गन्ना सहकारी समिति बुंदकी के अभिलेख अद्यतन न पाए जाने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।