भाजपा सरकार में हुआ पूंजीपतियों का विकास
बिजनौर। महानदल की ओर से सैनी विकास महापंचायत का आयोजन किया गया। इसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष केशव देव मौर्य ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में किसान, गरीब, मजदूर नहीं बल्कि पूंजीपतियों का विकास हुआ है।
मंगलवार को बिजनौर शहर के रामलीला ग्राउंड में सैनी विकास महापंचायत का आयोजन हुआ। जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष केशवदेव मौर्य ने कहा कि महान दल को कमजोर करने के लिए पहले उनसे भाजपा में विलय की बात की गई। उन्होंने बात नहीं मानी, तो भाजपा ने केशव प्रसाद मौर्य को डिप्टी सीएम बना दिया। जिन्हें डिप्टी सीएम बनाकर समाज के लोगों को गुमराह करने का काम किया है। इस बार महान दल ने सपा से गठबंधन का निर्णय लिया है। सपा जिलाध्यक्ष राशिद हुसैन ने कहा कि 1996 के लोकसभा चुनाव में मुसलमानों ने अमरोहा से प्रताप सिंह सैनी को इसलिए वोट दिया था कि उन्हें सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव ने चुनाव मैदान में उतारा था। महापंचायत में पूर्व सांसद राजाराम पाल सिंह, महान दल के प्रदेशाध्यक्ष शिवकुमार यादव, विधायक नजीबाबाद हाजी तस्लीम, विधायक नूरपुर नईम उल हसन, नगीना विधायक मनोज पारस, पूर्व मंत्री स्वामी ओमवेश, महानदल के जिलाध्यक्ष ओमेंद्र तोमर, जिपं सदस्य सरिता सैनी, राधा सैनी, मदन लाल सैनी आदि मौजूद रहे।