आईटीआई में दाखिले का मिला आखिरी मौका
बिजनौर। शासन ने आईटीआई की खाली सीटों पर दाखिले के लिए एक दिन के लिए आखिरी मौका दिया है। अभ्यर्थी 16 नवंबर अर्थात आज विभिन्न पाठ्यक्रमों में खाली सीटों पर दाखिला ले सकते हैं। जिले में पांच राजकीय आईटीआई हैं। आईटीआई में विभिन्न ट्रेड में अगस्त 2021 से दाखिले शुरू हुए।
इस साल दाखिले के लिए अभ्यर्थियों की मेरिट सूची शासन से जारी की गई थी। हर चरण की समाप्ति के बाद सीट खाली रह गईं। दाखिले के लिए कुल चार चरण चले। महिलाओं ने आईटीआई में दाखिले लेने में कम दिलचस्पी दिखाई। नतीजतन महिलाओं की आरक्षित सीट काफी संख्या में खाली रह गई हैं। आईटीआई बिजनौर के प्रधानाचार्य एवं जिला नोडल अधिकारी मुकेश कुमार शर्मा ने बताया कि बिजनौर, अफजलगढ, धामपुर, नगीना तथा नजीबाबाद में राजकीय आईटीआई संचालित हैं।
राजकीय आईटीआई अफजलगढ़ के दाखिले राजकीय आईटीआई बिजनौर में होते हैं। बताया कि सीविंग टेक्नोलॉजी, पेंटर जनरल, प्लंबर आदि कई ट्रेड में सीट खाली रह गई हैं। बताया कि दाखिला लेने के लिए आखिरी मौका 16 नवंबर मंगलवार केवल एक दिन का है। दाखिले पहले आओ पहले पाओ के आधार पर होंगे। जिन छात्रों ने ऑनलाइन आवेदन किया है तथा किसी भी ट्रेड में किसी भी संस्था में दाखिला नहीं हुआ है, वे दाखिला ले सकते हैं। इच्छुक छात्र राजकीय आईटीआई बिजनौर में सुबह 10 बजे उपस्थित हों।