जल निगम ने शुरू की गांवों की पेयजल आपूर्ति
नांगलसोती। जल निगम द्वारा गत बृहस्पतिवार को क्षेत्र के सात गांवों की बंद की गई पेयजल आपूर्ति शुरू कर दी गई। जल निगम ने गांवों में अनाउंसमेंट कराकर उपभोक्ताओं से जल्द बकाया बिल जमा कराने की अपील की।
नांगलसोती के गांव हरचंदपुर स्थित जल निगम के नलकूप व ओवरहैड टैंक से जुड़े गांव हरचंदपुर, मायापुरी, चमरौला, लालपुर मान, सौफतपुर, ढोलापुरी, महमसापुर में बकाया बिल जमा नहीं कराने पर पेयजल आपूर्ति बंद कर दी गई थी। जिससे सातों गांवों में उपभोक्ताओं के समक्ष पेयजल की समस्या उत्पन्न हो गई थी। जल निगम के जेई कुलदीप सिंह ने शुक्रवार को करीब तीन बजे सभी गांवों की पेयजल आपूर्ति सुचारु कराई। उन्होंने बताया कि एक दिन में उपभोक्ताओं से आठ हजार रुपये का बकाया बसूला गया है। अभी भी उपभोक्ताओं पर वर्ष 2020 का डेढ़ लाख रुपये से अधिक बकाया है। उन्होंने उपभोक्ताओं से जल्द बकाया बिल जमा कराने की अपील की।