संस्कारित होने का परिचय दें: डॉ. प्रीति विश्नोई
धामपुर। पारिवारिक प्रेम, सौहार्द और सामंजस्य के साथ परिवार को विकास की दिशा देने के लिए परिवार के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका होती। इसकी महत्ता और मूल्यों को समझाने के लिए इनरव्हील क्लब ब्लोसम धामपुर ने सोमवार को ग्राम मानपुर शिवपुरी में गोष्ठी का आयोजन किया। आयोजकों ने गोष्ठी में विशेषकर सास, बहू और उनकी ननदों को आमंत्रित किया।
क्लब की अध्यक्ष डॉ. प्रीति विश्नोई ने कहा कि आज के दौर हम सभी अपने बच्चों को पढ़ा लिखाकर होनहार बनाने का प्रयास तो कर रहे हैं। पर हम सभी को अपने बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ संस्कार भी देने होंगे। जिससे बच्चे बढ़े होकर अपने संस्कारों को समझें और दायित्वों को निभाने का प्रयास करें।
एकल परिवारों में बंटने से संस्कारों की कमी हो गई है। परिवार संयुक्त रूप में एक होकर रह रहा है। वहां पर संस्कार नजर आ रहे हैं। इसलिए हम सभी को रिश्तों में आई गिरावट पर चिंतन करके उसका समाधान निकालना होगा। परिवार के सभी सदस्यों को एक दूसरे की भावनाओं का सम्मान कर संस्कारित होने का परिचय देना होगा।
इस मौके पर संस्था द्वारा गांव की साठ साल से अधिक की आयु की महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण करके उनको आवश्यक दवाइयां, फल एवं ग्लूकोज आदि प्रदान किए गए। कार्यक्रम में क्लब की सदस्य डॉ. एकता विश्नोई, साधना अग्रवाल, संगीता अग्रवाल, ज्योति राणा आदि रहीं।