काट दी गई अवैध रूप से लगी नुमाइश की बिजली
बिजनौर। दीपावली मेला खत्म होने के बाद भी नुमाइश ग्राउंड में मेला बदस्तूर जारी था। अवैध रूप से चल रहे मेले की बिजली काट दी गई। वहीं दुकानों को हटवाने के लिए पालिका ने प्रशासन से मदद मांगी है। जल्द ही पुलिस बुलाकर दुकानें भी हटवा दी जाएंगी।
बृहस्पतिवार की शाम नुमाइश ग्राउंड में लगे मेले की बिजली काट दी गई। जिसके चलते सभी झूले भी बंद पड़े रहे। हालांकि कुछ दुकानदारों ने पर्दे गिराकर मोबाइल की रोशनी से सामान बेचा। उधर पालिका ने प्रशासन को पत्र लिखकर मदद मांगी है। बता दें कि तीन नवंबर तक दीपावली मेला आयोजित होना था। जिसकी आड़ में नुमाइश ही लग गई। तीन नवंबर के बाद से ये नुमाइश लगी हुई थी। बुधवार को दुकानदारों को पालिका ने नोटिस जारी कर दिए थे। जिनसे जल्द दुकान हटाने के लिए कहा गया था। नहीं हटाने पर सामान जब्त करने की चेतावनी थी। इसी के बाद बिजली काट दी गई। इस नुमाइश में कथित ठेकेदार ने दुकानदारों से वसूली भी कर ली थी लेकिन पालिका को कुछ नहीं मिला।