समाधान जल्द न हुआ तो और तेज करेंगे आंदोलन
धामपुर। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम के अभियंताओं ने कार्य बहिष्कार कर पावर कारपोरेशन प्रबंधन के दमनकारी रवैये के विरोध में प्रदर्शन किया। चेताया कि यदि निगम प्रबंधन ने अभियंताओं की समस्या को गंभीरता से लेकर जल्द समाधान नहीं किया तो आंदोलन और तेज होगा।
उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत परिषद अभियंता संघ के अध्यक्ष वीपी सिंह ने बताया कि पिछले दिनों उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा के करीब 23 जूनियर इंजीनियरों और अभियंताओं को बिना कारण बताए सुदूर पूर्वांचल और कुछ अन्य वितरण निगम में स्थानांतरित कर दिया है। महासचिव प्रभात सिंह ने कहा कि बिना जांच पूरी हुए बड़े पैमाने पर अभियंताओं व जूनियर इंजीनियरों को सुदूर स्थानांतरित किया जाना उत्पीड़नात्मक कार्रवाई है। उल्लेखनीय है कि अधिकांश जूनियर इंजीनियर, अभियंता पहले ही ग्रेटर नोएडा व नोएडा से स्थानांतरित होकर पश्चिमांचल में अन्य स्थानों पर तैनात किये जा चुके हैं। पश्चिमांचल डिस्कॉम के विभिन्न जनपदों में हुई विरोध सभा में अभियंता पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि पश्चिमांचल में चल रहे आंदोलन के फलस्वरूप किसी भी अभियंता का उत्पीड़न किया गया तो आंदोलन तेज होगा। उन्होंने प्रदेश के ऊर्जा मंत्री पंडित श्रीकांत शर्मा से हस्तक्षेप कर समस्या का निदान कराने की मांग की। प्रदर्शनकारियों में अधीक्षण अभियंता राजेंद्र प्रसाद, अधिशासी अभियंता वीरेंद्र कुमार, उपखंड अधिकारी विकास, अंकित कुमार, दीपक शर्मा, विवेक विश्वकर्मा, तरंग शर्मा, वीके हरित मौजूद रहे।