स्कूलों का कायाकल्प नहीं हुआ तो नपेंगे अधिकारी
बिजनौर। डीएम ने सभी एडीओ पंचायत और बीईओ को ऑपरेशन कायाकल्प के तहत सभी प्राथमिक विद्यालयों में शुद्ध पेयजल, बालिकाओं व दिव्यांग बच्चों के लिए शौचालय, रैंप, मल्टी हैंडवाश और साफ-सफाई का कार्य 20 सितंबर तक पूर्ण कराने के निर्देश दिए। कहा कि उक्त तिथि के बाद कार्य अपूर्ण पाए जाने पर संबंधित बीईओ व एडीओ पंचायत के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
ऑपरेशन कायाकल्प की बैठक में डीएम ने बीएसए को निर्देश देते हुए कहा कि 15 दिन के अंदर ऑपरेशन कायाकल्प के तहत परिषदीय विद्यालयों में अवस्थापना सुविधाओं से संबंधित प्रगति आख्या उन्हें उपलब्ध कराएं। डीएम ने बीएसए व डीपीआरओ निर्देशित करते हुए कहा कि ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत परिषदीय विद्यालयों में अवस्थापना सुविधाओं जैसे शुद्ध व सुरक्षित पेयजल, ब्लैक बोर्ड, विद्युतीकरण व उपकरण, शौचालय एवं रसोईघर में टाइल लगाना, विद्यालयों की समुचित रंगाई पुताई, फर्नीचर की व्यवस्था, विद्यालय का विद्युत संयोजन, विद्यालय परिसर में फोर्सलिफट अथवा सबमर्सिबल से स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति आदि का कार्य समयानुसार पूरा करा लें। उन्होंने समस्त एडीओ पंचायत और सभी बीईओ को निर्देश देते हुए कहा कि शौचालयों और मल्टी हैंडवाश की गुणवत्ता अच्छी हो ताकि विद्यालय खुलने के समय बच्चों को उनका लाभ प्राप्त हो सके। बैठक में तमाम अफसर मौजूद रहे।