धरने में नहीं पहुंचे अफसर तो किसानों ने की नारेबाजी
कोतवाली देहात। भाकियू भानु के कार्यकर्ताओं ने ब्लॉक कार्यालय में धरना दिया। धरना स्थल पर किसी अधिकारी के न पहुंचने पर जमकर नारेबाजी की। बाद में धरना स्थल पर पहुंचे बीडीओ को मांगपत्र सौंपा गया।
धरने में जिलाध्यक्ष नरेश प्रधान ने कहा कि सरकार किसानों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि ब्लॉक में तमाम अनियमितताएं हो रही हैं। विकासखंड में आने वाली धनराशि का अधिकांश रुपये बढ़ापुर क्षेत्र में खर्च हो रहा है। उन्होंने नगीना तथा बढ़ापुर विधान सभा क्षेत्र में बराबर-बराबर धनराशि खर्च करने की मांग की। धरनास्थल पर किसी अधिकारी के न पहुंचने पर कार्यकर्ता ब्लॉक परिसर से उठकर बीडीओ कार्यालय के सामने बैठ गए और जमकर नारेबाजी की। शाम को बीडीओ अंबरीश कुमार धरनास्थल पर पहुंचे तो किसानों ने उन्हें भी अपने बीच बैठा लिया और पांच सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। इस मौके पर मंडल प्रभारी राजेंद्र सिंह, सुनील कुमार, विकास कुमार, अब्दुल शकूर, देवेंद्र सिंह, दीपक सैनी, सोहन कुमार, लोकेश कुमार आदि लोग मौजूद रहे।