नजीबाबाद-कोटद्वार खस्ताहाल मार्ग पर दुर्घटना का शिकार ट्रक।
- फोटो : NAZIBABAD
बारिश में उखड़ गई बजरी, हाईवे में फिर हुए गड्ढे
नजीबाबाद। मेरठ-पौड़ी हाईवे के गड्ढामुक्त होने की रिपोर्ट से पीएमओ को भ्रमित करने का मामला खुलने के बाद एनएचएआई की ओर से नजीबाबाद-कोटद्वार मार्ग पर गड्ढे भरवाने का काम शुरू कराया था। लेकिन इन गड्ढों में डाली गई बजरी बारिश में उखड़ गई। जिसके बाद अब हाईवे की हालत फिर से पहले जैसी ही हो गई है।
मेरठ-पौड़ी हाईवे पर क्षेत्र से गुजरने वाले नजीबाबाद-कोटद्वार मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे से लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। आरटीआई कार्यकर्ता आदर्शनगर निवासी मनोज शर्मा ने कुछ समय पूर्व पीएमओ कार्यालय दिल्ली को नेशनल हाईवे 119 बिजनौर से कोटद्वार तक गड्ढायुक्त होने की जानकारी देते हुए दुर्घटनाओं को रोकने के लिए मार्ग को गड्ढामुक्त कराने की मांग की थी। नेशनल हाईवे अथॉरिटी के अधिकारियों ने पीएमओ को अगस्त के प्रथम सप्ताह में नेशनल हाईवे को गड्ढामुक्त किए जाने की रिपोर्ट भेजी थी। अमर उजाला के 13 अगस्त के अंत में प्रकाशित समाचार सड़क में गड्ढे ही गड्ढे, पीएमओ को भेजी दी गड्ढामुक्त की रिपोर्ट शीर्षक से खबर प्रकाशित होने के बाद एनएचएआई अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
15 अगस्त के बाद आनन-फानन में हाईवे के गड्ढों को भरने के लिए रेत, बोल्डर आदि डलवाने की औपचारिकता की गई। तीन-चार दिन पूर्व हुई भारी वर्षा ने नेशनल हाईवे अथॉरिटी की औपचारिकता को धो दिया। गड्ढों को समतल कराने के लिए डाली गई सामग्री वर्षा में बह गई। नजीबाबाद-कोटद्वार हाईवे मार्ग पर वाहन एक बार फिर से इन गड्ढों से आवागमन कर रहे हैं। सोमवार को नजीबाबाद से कोटद्वार जा रहा ट्रक मथुरापुर मोर क्षेत्र में मोरध्वजेश्वर मंदिर के निकट गड्ढे से अनियंत्रित होकर साइड में उतर गया। संयोग से सामने से कोई वाहन नहीं आ रहा था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। एनएचएआई के जीएम डीके चतुर्वेदी ने पूर्व में जल्द हाईवे मार्ग को गड्ढामुक्त कराने का आश्वासन दिया है।
नजीबाबाद-कोटद्वार गड्ढायुक्त मार्ग से गुजरते वाहन।- फोटो : NAZIBABAD