नींदड़ू । रिश्तेदारी में रह रही पांच साल की बालिका से बुधवार की शाम 10 साल के बालक ने छेड़खानी कर दी। बृहस्पतिवार की सुबह शिकायत लेकर पहुंचे बालिका के रिश्तेदार इकबाल कुरैशी (60) की आरोपी बालक के बड़े भाई ने छुरा घोंपकर हत्या कर दी। छुरा लगने से इकबाल का बेटा भी घायल हो गया है। प्राथिमिकी दर्ज करके पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
नींदडू थाने में युवक की ओर से दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है कि उसके परिवार की बच्ची से कमरे में बंद करके छेड़छाड़ की गई। सुबह आठ बजे उसने अपने पिता इकबाल के साथ जाकर आरोपी के घर शिकायत की तो अरमान (24), मोबिन, नाजिश और सानिया आग बबूला हो गए। अरमान ने छुरे से इकबाल के सीने पर वार कर दिए। अन्य ने युवक को घायल कर दिया। आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। घायल पिता-पुत्र को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इकबाल को मृत घोषित कर दिया गया। वारदात के बाद घर के बाहर गली में जगह-जगह खून फैला था। बारिश होने से सड़क पर फैला खून साफ हो गया।
सीओ धामपुर अंजनी कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि जिस पर छेड़खानी का आरोप लगा है वह कक्षा दो में पढ़ता है। प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।