बिजनौर से भी होकर निकलेगा गंगा एक्सप्रेेस वे
बिजनौर। मेरठ से वाराणसी तक बनने वाला गंगा एक्सप्रेस वे अब हरिद्वार से बनने से जिले को सीधा फायदा होगा। जिले से होकर अब ये हाईवे निकलेगा। इससे किसानों की जमीनें अधिग्रहीत होंगी और उन्हें मोटा मुआवजा मिलेगा। गंगा एक्सप्रेस वे निकलने से रोजगार के भी अवसर बढ़ेंगे।
दो साल पहले मेरठ से वाराणसी को जोड़ने के लिए गंगा एक्सप्रेस वे बनाने की घोषणा की गई थी। इससे वाराणसी व मेरठ की दूरी बहुत कम हो जाएगी। इस एक्सप्रेस वे की घोषणा होने के बाद जिले को भी परियोजना में शामिल करने की मांग की जा रही थी। कहा गया था कि बिजनौर उत्तराखंड को दिल्ली, पंजाब, हरियाणा व वेस्ट यूपी के बाकी जिलों से जोड़ता है। इसलिए जिले की महत्ता बताते हुए इसे भी गंगा एक्सप्रेस वे से जोड़ने की मांग की जा रही थी। सरकार ने अब इस मांग को स्वीकार कर लिया है और गंगा एक्सप्रेस वे को हरिद्वार तक विस्तृत करने की बात कही है।
ऐसा होने से एक्सप्रेस वे अपने आप बिजनौर से होकर जाएगा। भाजपा जिलाध्यक्ष सुभाष वाल्मीकि के अनुसार गंगा एक्सप्रेस वे से बिजनौर को जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन दिया गया था। भाजपा सरकार के इस फैसले से दोनों राज्यों के किसानों व आम जनता को बहुत फायदा होगा।