ट्रक की चपेट में आकर साइकिल सवार की मौत
हल्दौर। गांव चुड़ियाखेड़ा के निकट गन्ने से लदे ट्रक की चपेट में आकर साइकिल सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक को छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक के परिजनों ने ट्रक चालक के खिलाफ तहरीर दी है।
गांव नांगलजट निवासी नीरज कुमार (32) बृहस्पतिवार शाम करीब चार बजे साइकिल से खेत से लौट रहा था। दूसरी साइकिल पर उसका भाई निमित पीछे चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बिजनौर-नहटौर मार्ग पर स्थित गांव चुड़िया खेड़ा के निकट पीछे से आ रहे गन्ने से लदे ट्रक ने नीरज की साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पीछे से आ रहे उसके भाई ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर चालाक ट्रक को छोड़कर मौके से फरार हो गया। निमित कुमार ने फरार ट्रक चालक के खिलाफ तहरीर दी है।