नहटौर-मिलक रोड पर आम के बाग में पटाखों के गोदाम में धमाके से ध्वस्त हुआ मकान।
- फोटो : अमर उजाला
नहटौर में नहटौर मिलक रोड पर आम के बाग में स्थित पटाखे के गोदाम में बुधवार की रात अचानक आग लगने से जबरदस्त धमाका हो गया। धमाके की आवाज से आसपास के गांव के ग्रामीण सहम गए। धमाके से मकान गिरकर ध्वस्त हो गया। विद्युत कर्मचारियों ने गोदाम पर पहुंचकर विद्युत लाइन काटी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। हालांकि शार्टसर्किट के कारण आग लगने का अनुमान लगाया जा रहा है।
मोहल्ला अफगनान निवासी ताहिर अहमद का नहटौर मिलक रोड पर आम का बाग है। उसमें एक मकान बना हुआ है। बताया जाता है कि मोहल्ला तीरग्रान निवासी मुख्तार अहमद ने पटाखों का गोदाम भी बना रखा है। इसमें स्टॉक रखने के अलावा आतिशबाजी भी बनाई जाती है। मुख्तार अहमद के पास पटाखे बनाने का लाइसेंस है। पड़ोसी गांव का चेतराम सिंह गोदाम पर चौकीदार है। हालांकि वह दिन में ही ड्यूटी करता है। गोदाम में एक थैले में रखे उसके तीन हजार रुपये भी जलकर राख हो गए। रात को गोदाम पर कोई नहीं रहता है। बुधवार की रात गोदाम में अचानक आग लग गई। आग से जबरदस्त धमाका हुआ, जिसकी आवाज आसपास के गांवों में पहुंचने से लोग सहम गए। धमाका होने से मकान ध्वस्त हो गया। दीवारें व लिंटर गिर गया। गोदाम में कपड़े व रूई भी रखी हुई थी। सुबह को जब लोग आम के बाग में पहुंचे, तो देखा कि धुआं उठा रहा था। पुलिस को घटना की सूचना दी गई। उधर, पटाखों के गोदाम में आग लगने से इस कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। कारोबारी अपनी दुकानें बंद करके इधर-उधर हो गए हैं। अनुमान लगाया जा रहा है कि शार्ट सर्किट की वजह से आग लगी है। किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। गनीमत रही कि गोदाम घनी आबादी में नहीं था। पूर्व में आबादी में बने गोदामों में आग लगने से कई हादसे हो चुके हैं। अकेले नहटौर शहर में पिछले दो वर्षों में आधा दर्जन से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। थानाध्यक्ष का कहना है कि मुख्तार अहमद लाइसेंसधारक है। इस मामले की जांच की जा रही है।