नूरपुर थाने के गांव मुस्सेपुर में पेड़ पर किसान के लटका मिलने पर रोते बिलखते परिजन। संवाद
- फोटो : सांकेतिक
नूरपुर (बिजनौर)। गांव मुस्सेपुर में शुक्रवार की सुबह बृजेश शर्मा (55) का शव पेड़ पर रस्सी से लगाए गए फंदे पर लटका मिला। परिवार वालों ने हत्या करने की आशंका जताई है। मगर पुलिस आत्महत्या मानकर चल रही है।
बृहस्पतिवार सुबह गांव मुस्सेपुर के रहने वाले बृजेश शर्मा (55) अपने घर से नूरपुर स्थित ट्रैक्टर एजेंसी पर गए। जोकि शाम के समय गांव लौट आए लेकिन अपने घर नहीं पहुंचे। शाम के समय गांव में आकर उन्होंने एक दुकान से बीड़ी का बंडल लिया। घर नहीं पहुंचने पर परिवार वालों ने कॉल करने का प्रयास किया तो उनका फोन बंद मिला। इसके बाद रातभर परिवार वाले उनकी तलाश करते रहे।
शुक्रवार की सुबह गांव के पास एक खेत में खड़े सीरस के पेड़ पर रस्सी से लगाए गए फंदे पर बृजेश शर्मा का शव लटका मिला। यह जानकारी मिलतेही परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। एसपी के निर्देश पर सीओ नगीना अंजनी चतुर्वेदी और नूरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मुआयना किया। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिवार वालों ने मौके पर मोबाइल और एक चप्पल नहीं मिलने पर हत्या की आशंका जताई है।
n लोन पर था ट्रैक्टर, जमा करने थे दो लाख रुपये : पुलिस ने जांच में बताया कि बृजेश शर्मा ने फाइनेंस पर एक ट्रैक्टर लिया था, जिसके दो लाख रुपये शुक्रवार को एजेंसी पर जमा करने थे। इसी सिलसिले में बृहस्पतिवार को बृजेश ट्रैक्टर एजेंसी पर गए थे। बताया गया कि एजेंसी पर पैसा भी जमा नहीं हुआ है। मृतक का एक बेटा भारतीय नौसेना में कैमिस्ट के पद पर तैनात है।
नूरपुर थाने के गांव मुस्सेपुर में पेड़ पर किसान के लटका मिलने पर रोते बिलखते परिजन। संवाद- फोटो : सांकेतिक