हर दिन टीकाकरण के लिए लग रही भीड़
बिजनौर। लोग कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर से बचने के लिए काफी संख्या में टीकाकरण केंद्रों की ओर बढ़ रहे हैं। रोजाना ही जिला अस्पताल से लेकर हर छोटे-बड़े सरकारी अस्पतालों में भारी संख्या में कोरोनारोधी टीकाकरण हो रहा है।
मंगलवार को जिला अस्पताल से लेकर जिले भर के टीकाकरण केंद्रों पर लोगों की काफी भीड़ लगी रही। दूर तक पंक्ति लगाकर खड़े लोगों ने अपनी बारी आने पर टीकाकरण कराया। जिले में कोरोना रोधी टीकाकरण कराने को लेकर लोग काफी जागरूक हो रहे हैं। हालांकि अभी तक किसी भी विशेषज्ञ ने इसकी पूर्ण रूप से पुष्टि नहीं की है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. अशोक कुमार के अनुसार 30 अगस्त की रात तक जिले में कुल 12 लाख 85 हजार 312 लोगों को एंटी कोविड वैक्सीन लगाकर प्रतिरक्षित किया जा चुका है। इनमें प्रथम डोज लगवाने वालों में दस लाख 96 हजार 44 लोग शामिल हैं, जबकि दूसरी खुराक से एक लाख 89 हजार 248 लोगों को आच्छादित किया गया है। उन्होंने सभी लोगों से अपनी बारी आने पर अपना कोरोनारोधी टीकाकरण अवश्य कराने की अपील की है। केवल रविवार को छोड़कर जनपद में लगातार यह अभियान जारी है।