बिजनौर में दीपावली पर बाजार में उमड़ी भीड़।
- फोटो : BIJNOR
दीपावली पर सजे प्रतिष्ठान और मकान, जगमगाया बाजार
बिजनौर। जिले भर में छोटी दीपावली की खूब धूम रही। मिठाई, आतिशबाजी से लेकर उपहार लेने वालों की दुकानों पर काफी भीड़ लगी रही। बच्चे अभिभावकों के साथ पटाखे लेने के लिए सुबह से ही आते रहे। सुरक्षा के लिहाज से बाजारों में पुलिस तैनात रही।
इस बार आतिशबाजी की दुकान आईटीआई कॉलेज के मैदान में लगाई गई हैं। ये सभी दुकानें मंगलवार रात में ही सज गई थीं। बुधवार सुबह से ही चकरी, रॉकेट, अनार, स्काई शॉट्स आदि की खूब बिक्री हुई। कहीं कहीं गली मोहल्लों में भी आतिशबाजी के छोटे मोटे आइटम बिके। वहीं, बाजार में छोटी दीपावली पर भी ग्राहकों की भीड़ रही। गिफ्ट आइटम की खूब बिक्री हुई। एक-दूसरे को उपहार में देने के लिए मिठाई, मेवों के अलावा क्रॉकरी व बर्तनों के सेट भी खूब खरीदे गए। दुकानदारों ने जगह-जगह सोहनपापड़ी के स्टॉल लगा रखे थे और सभी की काफी बिक्री हुई। सिविल लाइन व मुख्य बाजार में ग्राहकों की भीड़ लगी रही। सरकारी व निजी कार्यालयों में भी कर्मचारियों को उपहार दिए गए। रात होने पर घरों व प्रतिष्ठानों के बाहर दीये जलाए गए। रात को बच्चों ने थोड़ी बहुत आतिशबाजी भी की। त्योहार को देखकर दूसरे दिन भी जिला प्रशासन सतर्क रहा। मुख्य बाजार की ओर बड़े वाहनों को नहीं आने दिया गया।