सशक्त होकर देश की ताकत बनें बेटियां : डॉ. दीप्ति
नजीबाबाद। रमा जैन कन्या महाविद्यालय में आयोजित रेंजर्स प्रशिक्षण शिविर में छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए प्रशिक्षण दिया गया। छात्राओं को व्यायाम के साथ-साथ आत्मरक्षा के टिप्स भी दिए गए।
मंगलवार को आयोजित रेंजर्स प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ निदेशक डॉ. केसी मठपाल, प्राचार्या डॉ. दीप्ति गुप्ता, रेंजर्स प्रभारी डॉ.सविता वर्मा एवं जिला प्रशिक्षण आयुक्त पुष्पा चौहान ने ध्वजारोहण एवं ध्वज शिष्टाचार के साथ किया। डा. केसी मठपाल ने कहा कि युवा देश की पूंजी हैं। छात्राओं का कुशल मार्गदर्शन कर उन्हें बुद्धिमान, कर्तव्यनिष्ठ, अनुशासित और साहसी नागरिक बनाना ही शिविर का मुख्य उद्देश्य है। डॉ.सविता वर्मा की देखरेख में मन्नया, शहरीन, सानिया, सलोनी, रितिका को रेंजर्स लीडर का दायित्व सौंपा गया। प्रशिक्षिका पुष्पा चौहान ने छात्राओं को शारीरिक व्यायाम कराते हुए तनावमुक्त रहने के टिप्स दिए। इस अवसर पर डॉ. सविता सक्सेना, डॉ. मृदुला त्यागी, डॉ. दीप्ति माहेश्वरी, डॉ. नीति शर्मा, डॉ. रत्ना गर्ग, डॉ. वरुण शर्मा मौजूद रहे।