रोजगार मेला देगा दीपावली की खुशियां : एसडीएम
नजीबाबाद। दीपावली मेले का आयोजन रोजगार और सांस्कृतिक प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए किया गया है। मेले में शासन की विकास योजनाओं, लघु उद्योग उत्पाद और स्वयं सहायता समूह द्वारा बनाए गए उत्पादों के स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे।
एसडीएम मनोज कुमार सिंह ने जीएसटी डिप्टी कमिश्नर नीरज सिंह, सीओ गजेंद्र पाल सिंह, ईओ विजयपाल सिंह, ईओ जलालाबाद हरिनारायण सिंह के साथ फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया। एसडीएम ने कहा कि एक सप्ताह तक चलने वाले दीपावली मेले के आयोजन करने का उद्देश्य लघु कारोबारियों को रोजगार के अवसर दिलाना और सांस्कृतिक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि रोजगार मेला कारोबारियों को दीपावली की खुशियां देगा। मेले में शहरी फुटपाथ कारोबारियों और लघु उद्योगों से संबंधित स्टॉल का एसडीएम ने निरीक्षण किया। मेले में नगरपालिका परिषद की ओर से अमृत महोत्सव का आयोजन, स्टॉल, प्रेमधाम आश्रम के दिव्यांगों द्वारा बनाए गए दीये, मोमबत्ती तथा अन्य उपयोगी वस्तुएं आकर्षण का केंद्र रहीं।
उप्र राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के स्वयं सहायता समूह द्वारा तैयार किए गए उत्पादों के स्टॉल, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के स्टॉल से शासन की पुष्टाहार योजनाओं की जानकारी दी गई। अफजाल अहमद के संचालन में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में एमडीएस इंटर कॉलेज, एमडीकेवी, आर्य कन्या इंटर कॉलेज, कासमियां इंटर कॉलेज, मो.अली जौहर गर्ल्स इंटर कॉलेज सहित क्षेत्र के कई स्कूलों के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के आयोजन में राजस्व निरीक्षक विपिन चौहान, स्वास्थ्य एवं खाद्य निरीक्षक अनिल कुमार, अभियंता मूलचंद पटेल, मुजफ्फर अली, अफजाल अहमद, इनामुलहक, पवन कुमार, कामरान आदि का सहयोग रहा।