बिजनौर में पुलिस लाइन में मतगणना की तैयारी को लेकर बैठक लेते डीएम उमेश मिश्रा व एसपी डॉ धर्मवीर स?
- फोटो : BIJNOR
बिजनौर। विधानसभा चुनाव की मतगणना कराने के लिए तैयारियों को अंतिम रूप देने में अफसर जुटे हुए हैं। डीएम और एसपी ने मतगणना स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वहीं बैठक करते हुए मतगणना के वक्त तैनात रहने वाले कर्मचारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए गए। मंगलवार को प्रशासन मतगणना का रिहर्सल कराएगा। उन्होंने कहा कि कोई भी मतगणना स्थल पर इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस नहीं ले जा सकेंगे।
सोमवार को रिजर्व पुलिस लाईन के सभागार में डीएम उमेश मिश्रा और एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह ने पुलिस के सभी राजपत्रित अधिकारी व थाना प्रभारियों के साथ गोष्ठी की। बताया गया कि मतगणना ड्यूटी के चार कम्पनी अर्द्धसैनिक बल को आवंटित किया गया है। मतगणना ड्यूटी में लगे पुलिसकर्मियों को सुबह पांच बजे ड्यूटी प्वाइंट पर पहुंचने के निर्देश दिए। बताया कि पार्किंग व्यवस्था के लिये पुलिस कर्मी तैनात किये जाएंगे। मतगणना एजेंट को जारी किए गए पास से ही मतगणना स्थल के अंदर जा सकेंगे। किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस मतगणना स्थल पर नहीं जाएगी। साथ ही आपात स्थिति से निपटने के लिये दो क्यूआरटी टीम रिजर्व रखी गई है, जो तैयार अवस्था में रहेंगी। ड्यूटी पर लगे पुलिसकर्मियों के अतिरिक्त कोई भी व्यक्ति शस्त्र के साथ प्रवेश नहीं करेगा। एएसपी पूर्वी को मतगणना स्थल के अंदर, एएसपी देहात बैरियर व पार्किंग व्यवस्था देखेंगे। शहर में रैंडम चेकिंग कराई जाएगी। दोनों गेटों पर एम्बुलेंस व्यवस्था व फायर टेंडर व्यवस्था की गई है। एक बार प्रवेश करने के पश्चात किसी को बाहर न जाने दिया जाए। इसके अलावा एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह, एएसपी सिटी डॉ. प्रवीन रंजन सिंह, एएसपी देहात राम अर्ज ने मतगणना स्थल का निरीक्षण भी किया।
बिजनौर वेयर हाउस में तैयारियों का जायजा लेते एसपी डॉ धर्मवीर सिंह।- फोटो : BIJNOR