दस गांवों की बिजली 18 घंटे रही ठप
हल्दौर। गांव नांगलजट की ओर जाने वाले हाईवे मार्ग पर एचटी लाइन पर एक विशालकाय पेड़ गिर जाने से विद्युत पोल टूटकर सड़क पर जा गिरा। लाइन के तार सड़क के ऊपर आ जाने से मार्ग अवरुद्ध हो गया। इससे दस गांवों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। राहगीरों ने सूचना देकर विद्युत आपूर्ति बंद कराई। विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने 18 घंटे बाद विद्युत लाइन ठीक कराकर विद्युत आपूर्ति चालू की।
नगर के पानीपत-खटीमा मार्ग से गांव नांगलजट की ओर जाने वाले मार्ग पर एक पुराना विशालकाय आम का पेड़ खड़ा था। शुक्रवार देर शाम करीब नौ बजे आम का पेड़ विद्युत की एचटी लाइन पर जा गिरा, जिससे एक विद्युत पोल टूटकर जमीन पर गिर गया और लाइन के तार सड़क के ऊपर आ जाने से मार्ग अवरुद्ध हो गया। इस दौरान कुछ राहगीर उसकी चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। उस समय बिजली चालू थी। राहगीरों ने फोन पर विद्युत कर्मचारियों को मामले की सूचना देकर विद्युत आपूर्ति बंद कराई। पेड़ गिरने से इनामपुरा, सैदपुरा, कुंडा वागेन, खेड़की टप्पा, बिलाई आदि समेत दस गांवों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। शनिवार की सुबह विभाग द्वारा पेड़ को मार्ग से हटवाया और लाइन ठीक कर आपूर्ति चालू की। निगम के जेई धनंजय ने बताया कि करीब 18 घंटे बाद मरम्मत कार्य कराकर विद्युत आपूर्ति चालू करा दी गई है।