भागूवाला। गांव भागूवाला की नालियों में गंदगी जमा होने से नालियां ओवरफ्लो हो गई हैं। जलनिकासी अवरुद्ध होने और गंदा पानी सड़क पर बहने से ग्रामीणों को आवाजाही में परेशानी झेलनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से नालियों की सफाई कराने की मांग की है।
भागूूवाला निवासी मुस्तकीम अहमद, शरीफ अहमद, तस्लीम, अहमद हसन का कहना है कि गांव में सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं है। समय पर सफाई नहीं होने से गांव की नालियों और पुलियों में गंदगी जमा है। नालियों की जलनिकासी अवरुद्ध होने से गांव का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। मार्ग पर जलभराव से ग्रामीणों को आवाजाही में परेशानी हो रही है और गंदगी से आसपास के ग्रामीणों का रहना दूभर हो गया है। गांव में संक्रामक रोग फैलने की भी आशंका बनी है। उधर, ग्राम प्रधान शाइस्ता परवीन का कहना है कि गांव में गंदे नाले और नालियों की जल्द सफाई कराई जाएगी।
नालियों की सफाई नहीं होने से ग्रामीणों में रोष
मंडावली। गांव राहतपुर खुर्द में नालियों की सफाई नहीं होने में ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीण वकार अहमद, अशरफ, अकरम, यासीन, महमूद का कहना है कि ग्राम पंचायत राहतपुर खुर्द में कई दिनों से नालियों की सफाई नहीं हुई। गांव में तीन सफाईकर्मी तैनात होने के बाद भी गांव की सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं है। नालियों में गंदगी जमा होने से गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे ग्रामीणों को आवाजाही में परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव की सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।