बिजनौर। डीएम रमाकांत पांडेय ने क्वारंटीन सेंटरों की व्यवस्था व लॉकडाउन का सही तरह पालन न होने पर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने एडीएम से नियुक्त किए गए सेक्टर मजिस्ट्रेटों को जवाब तलब करने के निर्देश दिए हैं।
विकास भवन में हुई बैठक में डीएम ने क्वारंटीन सेंटर पर नियुक्त सेक्टर मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए कि किसी भी अवस्था में बेरिकेटिंग से आगे न बढ़ें और अपने साथ सैनिटाइजर सहित आवश्यक सामग्री रखें। सेंटरों के आसपास पालिका व नगर पंचायतों से सैनिटाइजेशन कराते रहें। डीएम ने कहा कि जिले में कोरोना वायरस के रोगी पाए जाने पर स्थिति गंभीर हो गई है। कोरोना से निपटने के लिए सभी को लॉकडाउन का पालन करना होगा। कहा कि अधिकारी जिले में लॉकडाउन का कड़ाई से पालन करें। डीएम ने सहायक श्रमायुक्त को पंजीकृत श्रमिकों के खातों में एक एक हजार रुपये उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस दौरान सीडीओ केपी सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व अवधेश मिश्र व प्रशासन विनोद कुमार गौड़, एडीएम न्यायिक डा.नितिन मदान, संयुक्त निदेशक स्वास्थ्य अनिल कुमार, सीएमओ डा.विजय यादव, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट परमानंद झा आदि मौजूद रहे।