बिजनौर में किन्नर बनकर बधाई मांगने वाले युवक को पकड़े किन्नर।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
बिजनौर में एक युवक अपने दो साथियों के साथ किन्नर बनकर शादी वाले परिवार में पहुंच गया और बधाई के सात हजार रुपये ले आया। बाद में जब क्षेत्र के किन्नर बधाई देने पहुंचे, तो मामले का पता चला। किन्नरों ने युवक को एक और परिवार में बधाई देते दबोच लिया और उसके बाल काटकर जमकर पिटाई की। आरोपी के दो साथी फरार हो गए।
आनंद विहार कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति के बेटे की तीन दिन पहले शादी हुई थी। शादी वाले दिन तीन किन्नर उनके घर आए और बधाई के नाम पर सात हजार रुपये ले आए। रविवार को किन्नरों द्वारा निर्धारित इलाके की रानी मल्लिका रानी व मनीषा रानी जब इस परिवार में बधाई लेने पहुंचा, तो परिवार वालों ने शादी के दिन ही तीन किन्नरों को सात हजार रुपये देने की बात कही। परिवार से रुपये मांगने वाले किन्नरों की तलाश शुरू की गई, तो पता चला कि उक्त तीनों किन्नर पास के एक गांव में एक परिवार से बधाई लेने गए हुए हैं। मल्लिका रानी व मनीषा रानी अपनी टीम के साथ वहां गई तो उनके देखकर दो बधाई मांग रहे दो किन्नर भाग गए, एक को उन्होंने पकड़ लिया और उससे मारपीट की। मारपीट के दौरान पकड़े गए किन्नर ने खुद को पुरुष बताया। उसने अपना नाम मीरापुर थाने के गांव सांभाहेड़ा निवासी टोनी बताया।
उसने कहा कि रुपये कमाने के लिए वह अपने दो दोस्तों के साथ किन्नर बनकर घूम रहा था। जहां भी किसी शादी या बच्चे के जन्म के बारे में पता चलता था, वह वहां पहुंच जाते थे। टोनी ने अपने बाल भी महिलाओं की तरह बढ़ा रखे थे। आक्रोशित किन्नरों ने टोनी के बाल काट दिए और उसको जमकर पीटा।