बिजनौर। बैराज रोड स्थित एक हॉस्पिटल में जनरेटर के करंट की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। मृतक अस्पताल में नौकरी करता था। परिजनों के मुताबिक अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही की वजह से युवक की मौत हुई है।
गांव गुजरपुरा जसपाल निवासी सोमपाल का 21 वर्षीय पुत्र अतुल बैराज रोड स्थित पुलकित मेमोरियल हॉस्पिटल में नौकरी करता था। मंगलवार रात वह अस्पताल में ड्यूटी के लिए गया था। रात में करीब दो बजे बिजली के चले जाने पर वह जनरेटर को चलाने के लिए गया था।
सुबह के समय अन्य अस्पताल कर्मियों ने अतुल को जनरेटर पर चिपके हुए मृत अवस्था में पाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक के चाचा बेगराज सिंह का कहना है कि अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही के चलते ही अतुल की जान गई। मृतक के साथियों ने बताया कि जनरेटर पर पिछले आठ दिनों से जनरेटर पर करंट आ रहा था। अस्पताल प्रबंधन से इसकी शिकायत की गई थी, लेकिन उन्होंने ठीक नहीं कराया।
मंगलवार की रात में बारिश हुई थी। बारिश के कारण जनरेटर के पास हल्का पानी जमा हो गया था। इस दौरान जनरेटर चलाने से करंट फैल गया और मृतक अतुल करंट की चपेट में आ गया।