मिलिट्री ग्राउंड के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने मेटल फैक्ट्री में काम करने वाले श्याम सुंदरपुरी निवासी सन्नी से मोबाइल छीन लिया। सन्नी ने मामले की शिकायत शहर पुलिस को दे दी है।
समाचार लिखे जाने तक पुलिस ने कोई केस दर्ज नहीं किया था। पुलिस को दी शिकायत में सन्नी ने कहा कि वह शहर में स्थित एक मेटल फैक्ट्री में काम करता है। सोमवार रात को करीब 10 बजे वह जगाधरी बस स्टैंड से पैदल घर की ओर जा रहा था।
हाथ में मोबाइल फोन पकड़ा हुआ था। जब वह मिलिट्री ग्राउंड के पास से गुजरा, तो इस दौरान एक बाइक पर दो बदमाश आए, जिन्होंने उसे रोककर छीना झपटी शुरू कर दी। उसने शोर मचाया तो बदमाशों ने उसे धक्का देकर गिरा दिया और उसके हाथ से मोबाइल फोन छीनकर भाग गए।
मिलिट्री ग्राउंड के पास जिस जगह पर बदमाशों ने श्याम सुंदरपुरी निवासी सन्नी से मोबाइल छीनने की वारदात को अंजाम दिया है, वहां से चंद कदमों की दूरी पर शहर थाना मौजूद है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि बदमाशों के हौसले कितने बुलंद हैं। उन्हें पुलिस की भी डर नहीं है। मामले के जांच अधिकारी सुखदेव का कहना है कि फिलहाल जांच की जा रही है। तथ्यों की पुष्टि होने के बाद ही केस दर्ज किया जाएगा।