नूरपुर में स्योहारा थाना क्षेत्र के गांव शाहपुर खेड़ी में ससुराल वालों ने एक विवाहिता को पीट कर मार डाला। विवाहिता का कसूर इतना था कि वह पति और ससुर के शराब पीने का विरोध करती थी। मायके वालों ने मौके पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
धामपुर थाना क्षेत्र के गांव कलियापुर निवासी कूड़े सिंह ने अपनी पुत्री तारा देवी की शादी छह वर्ष पूर्व स्योहारा थाना क्षेत्र के गांव शाहपुर खेड़ी निवासी रिंकू पुत्र बलराम सिंह के साथ की थी। सोमवार की रात तारा देवी की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। सूचना पाकर मंगलवार की सुबह पहुंचे मृतका के परिजनों ने ससुराल वालों पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
मृतका के भाई कोमल के अनुसार उसकी बहन का पति रिंकू और ससुर बलराम सिंह शराब पीने के आदि हैं। आए दिन दोनों शराब पीकर घर में हंगामा करते थे। मृतका तारा देवी शराब पीने का विरोध करती थी तो उसके साथ मारपीट की जाती थी। इसके अलावा ससुराल वाले तारा पर मायके से पैसे लाने का भी दबाव बनाते थे। सोमवार की रात पति, सास एवं ससुर ने तारा को पहले बुरी तरह से मारा पीटा और बाद में गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। कोमल ने बताया कि उसकी बहन के शरीर पर कई जगह बने चोट के निशान मारपीट की गवाही दे रहे हैं।
सूचना पाकर मौके पर पुलिस पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतका के पति रिंकू को हिरासत में ले लिया है। उधर, मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने मौके पर मौजूद तारा की सास ऊषा देवी व ससुर बलराम को गिरफ्तार नहीं किया और उन पर दबाव बनाकर मनचाही तहरीर लिखवा ली है। थानाध्यक्ष धर्मपाल सिंह का कहना है वह बिजनौर ड्यूटी पर आए हुए हैं उन्हें मामले की पूरी जानकारी नहीं है।