नहटौर में दावत खाने के दौरान एक व्यक्ति की सदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों ने आयोजक पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गांव कासमपुर लेखराज निवासी दिनेश सैनी ने गांव चकगोर्वधन निवासी हरपाल सिंह की जमीन बटाई पर ले रखी थी। हरपाल सिंह का दिनेश के घर आना-जाना था। परिजनों के मुताबिक, रविवार दोपहर हरपाल दिनेश के घर आया और फसल का हिसाब करने के बहाने उसे घर ले गया।
वहां दावत के दौरान दिनेश की हालत बिगड़ गई। सूचना पर पहुंचे परिजन उसे सीएचसी ले गए। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दिनेश के भाई रामकुमार ने पुलिस को तहरीर देकर हरपाल पर जहर देकर दिनेश की हत्या करने का आरोप लगाया। उसने आरोप लगाया कि हरपाल ने दिनेश से डेढ़ लाख की नकदी और आभूषण भी लिए थे। प्रभारी निरीक्षक चंद्रकिरण ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।