धामपुर में नगर की एक कालोनी में रविवार सवेरे उस समय अजीबोगरीब स्थिति पैदा हो गई, जब एक महिला चाकू लेकर एक चिकित्सक के घर जाकर साथ न चलने पर मरने और मारने की धमकी दे डाली। समझाने के प्रयास में महिला ने हाथ का नस काट लिया। मामला बढ़ता देख लोगों ने सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। उधर, चिकित्सक की पत्नी ने महिला के खिलाफ तहरीर दी है।
बताया गया कि महिला नगर के एक इंग्लिश मीडियम स्कूल में शिक्षिका के पद पर तैनात थी। उस स्कूल में भी इस महिला का विद्यालय के एक शिक्षक से प्रेम प्रसंग था। स्कूल प्रबंधन को मालूम होने से दोनों को हटा दिया गया। वहीं चिकित्सक की पत्नी ने बताया कि महिला उनके पति के पीछे हाथ धोकर पड़ी है। वह उनके पति को परिवार से अलग कर अपने साथ अलग रहने की जिद कर रही है।
लोगों की मानें तो महिला ने चिकित्सक के संग शादी करने का एक फर्जी प्रमाणपत्र भी ले रखा है। चिकित्सक की पत्नी ने बताया कि रविवार सवेरे जब परिवार के सभी सदस्य घर मौजूद थे। अचानक यह महिला चाकू लेकर आ धमकी और परिवार के सामने ही चाकू दिखाते हुए डाक्टर को अपने संग चलने की जिद करने लगी। विरोध करने पर छीना झपटी में डाक्टर और उस महिला जख्मी हो गई। बाद में महिला ने चाकू से अपने बांए हाथ की नस काट ली।
पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को पकड़कर थाने ले गई। कोतवाल का कहना है कि मामले की जांच चल रही है। आरोप सिद्ध होने पर पुलिस दोनों के खिलाफ कार्रवाई करेगी। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को रेफर कर दिया गया है।