कार्यालय में लूट की घटना के बाद जानकारी लेती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
चांदपुर में तीन बदमाशों ने वेस्टर्न यूनियन के कार्यालय पर धावा बोलकर इंचार्ज और अन्य लोगों को तमंचों से डराकर 1.23 लाख रुपये लूट लिए और फरार हो गए। एक बदमाश का चेहरा सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
ढाली बाजार स्थित बंसल मार्केट में वेस्टर्न यूनियन का वाइसमेन फोरेक्स लिमिटेड के नाम से कार्यालय है। वहां थाना हीमपुर दीपा के गांव जोगी औंधा निवासी जितेंद्र कुमार कार्यालय इंचार्ज है। जितेंद्र ने बताया कि बुुधवार रात करीब नौ बजे गांव स्याऊ निवासी हरफान अपने पुत्र सहेल के साथ 20 हजार रुपये की ट्रांजक्शन करा रहे थे। तभी तीन बदमाश कार्यालय में घुस आए। एक बदमाश ने जितेंद्र और दो बदमाशों ने पिता पुत्र की कनपटी से तमंचे लगा दिए। बदमाशों ने लॉकर की चाबी छीन ली और उसमें रखी नगदी लूटकर फरार हो गए। लॉकर में करीब 8,04483 रुपये थे। एक बदमाश ने हेलमेट पहन रखा था जबकि दो बदमाशों ने चादर ओढ़ रखी थी। नगर के बीच मेन मार्केट में घटी घटना से हड़कंप मच गया। मौकेे पर लोगों की भीड़ लग गई। कोतवाली निरीक्षक वीरेंद्र सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। बदमाशों की तलाश में कांबिग की गई, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। कोतवाली निरीक्षक वीरेंद्र सिंह के मुताबिक बदमाश 1.23 लाख रुपये लूट कर ले गए हैं। एक बदमाश का चेहरा सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। बदमाशों की तलाश की जा रही है। रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है।