शिवाला कलां में दहेज में एक लाख रुपये न मिलने पर ससुराल वालों ने विवाहिता की हत्या कर दी। महिला का शव घर में चुनरी से फांसी पर लटका मिला। मृतका के भाई ने उसके पति सहित छह के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। सभी आरोपी फरार हैं।
गांव फीना निवासी सतेंद्र कुमार की शादी एक वर्ष पूर्व हल्दौर निवासी 29 वर्षीय मनीषा के साथ हुई थी। बुधवार रात मनीषा का शव घर में दीवार में लगे कुंदे से फांसी पर लटका मिला। मनीषा की मौत की सूचना मिलने पर मृतका के मायके से काफी लोग फीना पहुंच गए और ससुराल वालों पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। उस समय मृतका के ससुरालवाले मौके पर नहीं थे। मृतका के भाई मुकेश कुमार ने पुलिस में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि मनीषा की ससुराल वाले दहेज की मांग को लेकर उसका उत्पीड़न करते थे। एक माह पूर्व उन्होंने दहेेज में एक लाख रुपये लाने की मांग की थी। रुपये न मिलने पर ससुराल वालों ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी।
मुकेश ने मृतका के पति सतेंद्र, सास लीलावती, ससुर मुन्नू, जेठ सर्वेश कुमार, जेठानी पूजा व देवर गौरव सिंह के विरुद्ध दहेज के लिए हत्या करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने रिपोर्ट दर्ज होने की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी घर छोड़कर फरार हो गए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है