दो भाइयों की मौत के विरोध में ट्रैक्टर में तोड़फोड़ करतीं महिलाएं।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर। मोहल्ला काजीपाड़ा में रविवार को ईदगाह रोड पर खनन से भरे ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में बाइक सवार परिवार आ गया। हादसे में दंपति गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके दो बच्चों की मौत हो गई। मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने जाम लगा दिया और ट्रैक्टर ट्राली में तोड़फोड़ की। मामले में समझौता कराने पहुंचे एक व्यक्ति पर भी भीड़ टूट पड़ी, पुलिस ने किसी तरह से उसे बचाया। ट्रैैक्टर चालक पर कार्रवाई और मुआवजे के आश्वासन पर तीन घंटे बाद लोगों ने जाम खोला।
बिजनौर के मोहल्ला काजीपाड़ा ईदगाह रोड निवासी ऋषिपाल (42) अपनी रेखा (39), पुत्र रजनीश (12) और पंकज (8) के साथ रविवार सुबह करीब नौ बजे बाइक से खेत पर जा रहे थे। ईदगाह रोड पर सामने से रेत व पत्थर से भरी ट्रैक्टर ट्राली से उनकी बाइक से टकरा गई। हादसे में रजनीश व पंकज की मौके पर मौत हो गई। ऋषिपाल व रेखा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायल को जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां हालत चिंताजनक देख कर दोनों को मेरठ रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर ट्राली छोड़कर फरार हो गया। गुस्साए लोगों ने हंगामा करते हुए मौके पर जाम लगा दिया।